
सीकर में नीट (NEET) छात्र की दुखद मृत्यु, परीक्षा रद्द होने से था हताश
सीकर, राजस्थान: राजस्थान के सीकर में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे 23 वर्षीय नीट (NEET) एस्पिरेंट प्रदीप माहिच की दुखद मृत्यु का मामला सामने आया है। परिजनों के अनुसार, प्रदीप ने यह कदम नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा नीट-यूजी परीक्षा रद्द किए जाने के फैसले से हताश होकर उठाया।
झुंझुनू जिले के रहने वाले प्रदीप का यह तीसरा प्रयास था और परीक्षा बहुत अच्छी होने के कारण उन्हें करीब 650 अंक आने की उम्मीद थी। लेकिन पेपर लीक के आरोपों के बाद परीक्षा रद्द होने की खबर ने उन्हें अंदर से तोड़ दिया। प्रदीप के पिता एक मजदूर हैं, जिन्होंने अपने बेटे की पढ़ाई और कोचिंग के लिए जमीन तक बेच दी थी।
घटना के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं छात्र के परिवार ने सरकार से आर्थिक सहायता की मांग की है और पेपर लीक में शामिल दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने की अपील की है।


